इंदरपुर। नगरा ब्लाॅक के सात ग्राम पंचायतों में लगे ओपन जिम के शोपीस बनने का प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी बलिया को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए है। मंगलवार को डीपीआरओ ने नगरा पहुंच कर एडीओ पंचायत के साथ संबंधित ग्राम पंचायतों में लगे ओपन जिम की जांच शुरू कर दी। इससे संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधानों व सचिवों में अफरातफरी मची है।
हालांकि जिस समय ओपन जिम लगाए गए थे, उस समय के सचिवों का अन्यत्र स्थानांतरण हो चुका है। ये जिम देवरिया, नरहीं, इंदासों, सोनापाली, खरुआंव, देवढियां व निकासी ग्राम पंचायतों में लगाए गए हैं। एक ओपन जिम पर 4.50 लाख से 4.60 लाख रुपए खर्च की गई हैं। स्थिति यह है कि देखरेख के अभाव में जिम के उपकरण टूट रहे हैं। इंदासों में तो जिम के अंदर व बाहर घास फूस उग आई है। अमर उजाला ने 3 सितंबर के अंक में सात ग्राम पंचायतों में लगे ओपन जिम शोपीस बने शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इस खबर को मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेकर जिलाधिकारी को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।