कक्ष में चेक करते केंद्राध्यक्ष।
- फोटो : अमर उजाला
बोर्ड परीक्षा के आठवें दिन गुरुवार को सायं की पाली में इंटरमीडिएट भौतिकी विज्ञान की परीक्षा हुई। परीक्षा के दौरान एक केंद्र पर अनधिकृत रुप से कार्य करते कक्ष निरीक्षक को बदलते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश केंद्र व्यव्थापक को दिया गया। इस केंद्र पर एक प्रश्रपत्र भी गायब मिला, जिस पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके अलावा पर्यवेक्षक ने एक केंद्र व्यवस्थापक को बदलने की सिफारिश की। दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से छह परीक्षार्थी नकल करने के आरोप में रस्टीकेट किए गए। हाईस्कूल की सिलाई की परीक्ष्ाा में 15 आैर इंटर की भौतिक विज्ञान परीक्षा में 22918 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
परीक्षा के दौरान सचल दस्ता की टीम सूरज बाबा उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय देवकली नवानगर परीक्षा केंद्र पर पहुंची। केंद्र पर मातेश्वरी सोनकली उमावि चंद्राडीह के सहायक अध्यापक चंद्र प्रकाश पाठक अनधिकृत रुप से कार्य करते मिले। इसके अलावा परीक्षा कक्ष में पर्याप्त रोशनी के भी इंतजाम नहीं थे। प्रश्नपत्रों के मिलान में एक प्रश्रपत्र गायब मिला।
सचल दस्ता प्रभारी ने केंद्र व्यवस्थापक को अनधिकृत रुप से कार्य कर रहे शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा केंद्र व्यवस्था को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया कि क्यों ने इस विद्यालय को आजीवन डिबार कर दिया जाए।
एसडीएम बैरिया ने जीजीआईसी जयप्रकाशनगर परीक्षा केंद्र पर पांच परीक्षार्थियों को नकली करते पकड़ा। प्रधानाचार्य ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया। बीएसए संतोष कुमार राय ने इस्लामिया इंटर कॉलेज फेफना के परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा को रस्टीकेट किया। पर्यवेक्षक ने रामदेव इंटर कॉलेज जकरिया का निरीक्षण किया और परीक्षा में दुर्व्यवस्था पाए जाने पर केंद्र व्यवस्थापक को बदलने की संस्तुति की। वहीं, बोर्ड द्वारा नामित आज़मगढ़ मंडल के पर्यवेक्षक राम शरण सिंह ने रामदेव इंटर कॉलेज जकरिया रसड़ा के केंद्र व्यवस्थापक को बदलने का निर्देश दिया। जिनके द्वारा अपने ही विद्यालय की 17 छात्राओं के प्रवेश पत्र पर फ़ोटो नही लगाई गई थी, जबकि उनके प्रवेश पत्र पर फ़ोटो नही थी।