सीयर ब्लाक के ग्राम पंचायत शाहपुर अफगा में इंदिरा आवास आवंटन में व्यापक रूप से अनियमितता बरतने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में आजमगढ़ मंडल के निर्देश पर हुई जांच में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सेक्टर प्रभारी सहायक विकास अधिकारी, सहायक लेखाकार और खंड विकास अधिकारी को दोषी पाया गया है।
डीपीआरओ ने जांच अधिकारी के रिपोर्ट पर ग्राम पंचायत अधिकारी चौथी राम को निलंबित करने के साथ ही अन्य से स्पष्टीकरण तलब किया है। इस कार्रवाई से आवास आवंटन में धांधली करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
शाहपुर अफगा ग्राम निवासी दयानंद पुत्र सुभाष ने आयुक्त को पत्र भेज इंदिरा आवास में धांधली की शिकायत की थी। इस संबंध में आयुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी को जांच कराकर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। सीडीओ ने मामले की जांच जिला विकास अधिकारी को सौंप दी।
जांच में डीडीओ ने पाया कि अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलीभगत कर नाम और जाति परिवर्तन करते हुए अपात्रों को आवास आवंटित कर दिया। इस गोलमाल में नौ लाख रुपये के गबन का मामला प्रकाश में आया है। जांच अधिकारी ने मामले में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है। इसके आधार पर डीपीआरओ ने ग्राम सचिव को निलंबित और डीडीओ सहित चार विकास कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है।