मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। कुछ दिन के सामान्य मौसम के बाद पुन: ठंड के साथ कोहरे ने दस्तक दे दी है। जिससे लोग सुबह सबेरे ठिठुरते नजर आए।
गुरुवार की रात कोहरे की चादर में जनपद का कोना कोना सिमटा रहा। जिसके कारण आमजन और पशु-पक्षी बेहाल नजर आ रहे हैं।
कोहरे का प्रभाव इतना जबर्दस्त रहा कि चार पहिया वाहन तथा दोपहिया वाहन लाइट जलाकर रेंगते नजर आए। ट्रेनें भी अपने गंतव्य तक काफी विलंब से पहुंची।
जिससे ट्रेन में सवार यात्री काफी परेशान दिखे। लेकिन शुक्रवार को करीब 10. 30 बजे सूर्य भगवान के निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण कभी सर्द हवा तो कभी कोहरा तो कभी आसमान में बादलों के मंडराने से आमजन एक बार फिर परेशान हो गया है। दो दिनों से सर्द हवा और कोहरे ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है।
अलसुबह उठकर मार्निंग वाक करने वाले बुजुर्ग, रोगी तथा युवा भी सुबह घरों में ही रहना मुनासिब समझा। पूछने पर बताया कि ठंड ने एक बार फिर अपना कहर जारी कर दिया है। दो दिनों से बढ़ी अचानक ठंड ने मानव के साथ ही पशु-पक्षी को भी बेहाल कर दिया है।