बलिया। विद्युत उत्पादन इकाइयों में कोयले की कमी का असर जिले में पड़ने लगा है। इसके कारण, जिले के ग्रामीण इलाकों में 4 से 5 घंटे की बिजली कटौती हो रही है। अधिकारियों ने लोगों से धैर्य बनाए रखने को कहा है। बताया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा।
विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता की माने तो फिलहाल मुख्यालय से ग्रामीण इलाकों के लिए चार से पांच घंटेे का रोस्टर तय किया है ताकि बिजली की खपत को कम किया जा सके। यह भी बताया कि सरकार इस संकट को दूर करने में लगी है। लिहाजा लोगों को धैर्य बनाए रखना होगा। जिले में प्रतिदिन करीब 38 मेगावाट बिजली की खपत होती है। इस बाबत विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि कोयले संकट के कारण ग्रामीण इलाकों में चार घंटे कटौती का रोस्टर है। इसे लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।