नगर के जनता मार्केट के समीप सवारियों के इंतजार में खड़ी बस।
- फोटो : BALLIA
बलिया। शहर के भीतर चप्पे-चप्पे पर अवैध रूप से वाहन स्टैंड का संचालन किया जाता है। मुख्यमंत्री द्वारा इन्हें हटाने को लेकर दिए गए अल्टीमेटम के बाद गुरुवार की सुबह सिविल और यातायात पुलिस ने अवैध वाहन स्टैंड आनन-फानन में हटवाया। इससे वाहन स्वामियों में अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
शहर में स्थापित अवैध वाहन अड्डों का संचालन सिविल और यातायात पुलिस की मिलीभगत से किया जाता है। सरकार के तमाम आदेशों को जिम्मेदारों ने फाइलों में कैद कर रखा है। इसके चलते, शहर में संचालित वाहन अड्डे लोगों के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। शहर में चप्पे-चप्पे पर संचालित अवैध वाहन स्टैंड पर सुबह से शाम तक डग्गामार वाहनों एवं ई-रिक्शा की धमाचौकड़ी के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन वाहन अड्डों को शहर से बाहर संचालित करने की कवायद भी फेल हो गई। जिम्मेदारों के बनाए गए नियमों को कोई भी मानने के लिए तैयार नहीं है। नगरपालिका प्रशासन के अलावा यातायात विभाग की टीम अवैैध वाहन अड्डों से छुटकारा दिलाने में नाकाम रही है। इसके पीछे अवैध वाहन अड्डों से होने वाली वसूली अहम कारण है। अवैध वाहन अड्डों की वजह से लगने वाले जाम में कई बार अधिकारी भी फंसते हैं, लेकिन उनका ध्यान इस ओर नहीं जाता है। एक तरफ शासन की ओर से वाहन स्टैंडों को शहर से बाहर ले जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं, जनपद में शहर से बाहर किए गए स्टैंड भी फिर से शहर में घुस आए हैं। मिलीभगत से इनका संचालन धड़ल्ले से हो रहा है। बुधवार को मुख्यमंत्री द्वारा अभियान चलाकर 24 घंटे के अंदर अवैध स्टैंड को शहर से बाहर करने तथा गैंगेस्टर की कार्रवाई करने के आदेश के बाद सिविल और यातायात पुलिस बृहस्पतिवार को हरकत में आई और नगर के अंदर अवैध रूप से स्टैंड बनाकर सवारी बैठाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की।
इन स्थानों पर संचालित होता है अवैध वाहन अड्डे
गांधीनगर ओवर ब्रीज के नीचे
कुंवर सिंह चौराहा
रोडवेज बस स्टैंड के समीप
एनसीसी तिराहा
महुआ मोड़
रेलवे कालोनी के सामने
बहेरी
कटहल नाला पुल के समीप
चित्तू पांडेय चौराहा
स्टेशन के समीप
मालगोदाम रोड
जापलिनगंज
सतीशचंद्र कालेज चौराहा
शहर में संचालित अवैध वाहन स्टैंडों को हटवा दिया गया है। किसी भी सूरत में शहर के अंदर अवैध स्टैंड स्थापित नहीं होने दिया जाएगा। - विश्वदीप सिंह, यातायात प्रभारी, बलिया