बलिया। जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। दो जून के अंक में अमर उजाला ने 39000 की जगह 162 किशोरियों को ही कैंसर से बचाने का टीका लगा शीर्षक से खबर प्रकाशित कर अभियान में लापरवाही को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
मंगलवार को विकास भवन में जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी विद्यालयों में 9 से 12 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं तथा उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा जिले के चिकित्सक विद्यालयों में जाकर सीधे छात्राओं, महिलाओं और अभिभावकों से संवाद करें तथा टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करें। एचपीवी वैक्सीन बालिकाओं को भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करती है। ऐसे में लोगों को वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि टीकाकरण को लेकर फैलने वाली अफवाहों पर प्रभावी रोक लगाई जाए और वैक्सीन के लाभों की सही जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विशेष प्रशिक्षण देने तथा उन्हें वैक्सीन के लाभों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही महिला ग्राम प्रधानों, आशा बहुओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूलों में अभिभावक बैठकों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।