बेल्थरारोड। भू-माफियाओं ने अब सरकारी भूमि को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। करीब पांच दशक पहले बनी सीयर सीएचसी की भूमि समेत नवनिर्मित ऑक्सीजन प्लांट स्थल तक कुल 10 डिसमिल भूमि 12 जुलाई को बेल्थरारोड तहसील में बैनामा कर दी गई। इसकी जानकारी होते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा है।
सीएचसी अधीक्षक डा. तनवीर ने मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है। एसडीएम सर्वेश कुमार ने बताया कि अभिलेखीय साक्ष्यों को देखने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं विक्रेताओं ने भूमि को अपना बताया है। विक्रय पत्र के अनुसार, 10 लाख रुपए में मौजा बिठुआ अंदर आराजी नंबर 222 रकबा 0.040 हेक्टेयर यानी 10 डिसमिल भूमि की बिक्री की गई है। इसकी चौहद्दी में पूरब सरकारी अस्पताल, पश्चिम में फजलुद्दीन का मकान, उत्तर रेलवे स्टेशन रोड व दक्षिण में सरकारी अस्पताल दर्शाया गया है। इस चौहद्दी के अनुसार, अस्पताल के मुख्य द्वार के पश्चिमी हिस्से की भूमि बिक्री की गई है। एसडीएम ने बताया कि विक्रेता भूमि को अपनी बता रहे हैं। अभिलेखों को खंगाला जा रहा है। इसके बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री स्व. शारदानंद अंचल ने 16 जनवरी 2007 में भूमि पर निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया था।