बलिया। प्रशासन की शर्तों का उल्लंघन कर दुकानें खोलने वाले दुकानदारों से जुर्माना वसूलने को लेकर सपा नेता व नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा।
पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता ने व्यापारियों से वसूली पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। आरोप लगाया कि शहर के स्टेशन रोड से एक बैटरी दुकान से पांच बैटरी नगर पालिका के लोगों ने अपने वाहन में रख लिया। कहा कि प्रशासन के आदेश के बाद भी नगर पालिका प्रशासन व जिला प्रशासन के कुछ अधिकारी व्यापारियों का शोषण कर रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
व्यापारी नेता रामजी गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों के साथ हो रहे उत्पीड़नात्मक कार्रवाई को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। व्यापारियों को लॉकडाउन की अवधि का करीब चार माह का विद्युत बिल माफ किया जाए। लॉकडाउन के दौरान ई-रिक्शा मालिकों का बैंक कर्ज माफ किया जाए। कई व्यापारियों से 10,000 से लेकर 25 हजार रुपये तक प्रति दुकानदार जुर्माना वसूला गया है, जिसे वापस कराया जाए। इस मौके पर पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन प्रदीप गुप्ता, अधिवक्ता कमलेश वर्मा, मनोज गुप्ता, अमरीश कुमार, अजय गुप्ता, हरिजी रौनियार, तारकेश्वर प्रधान, विनोद वर्मा, मंटू दूबे, प्रभुजी रौनियार, प्रदीप गुप्ता, सतीश कुमार गुप्ता, ओमप्रकाश सिंह, राम जी, अजय गुप्त, रोशन पांडेय, राम कृष्ण यादव , परवेज रोशन, विनय कुमार आदि उपस्थित रहे।