बवाल के दौरान तोड़े सामानों को देखते नगरपालिका कर्मचारी।
- फोटो : ballia
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष कार्यालय में शनिवार को आयोजित स्वच्छता कार्यशाला में खासा हंगामा हुआ। ईओ ने जैसे ही बात शुरु की तो वहां मौजूद कुछ सभासद अपने हक की बात करने लगे। ईओ के यह कहने पर कि आप अपनी बात बोर्ड की बैठक में कह सकते हैं, सभासद उग्र हो गए। अपशब्दों के साथ ही कुर्सियां और अन्य फर्नीचर तोड़े जाने लगे। नपा प्रशासन की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है।
शासन के निर्देश पर नगर पालिका के अध्यक्ष के कक्ष में स्वच्छता कार्यशाला का आयोजन किया गया था। इस दौरान कुछ नगर पालिका सभासद अपने-अपने वार्डों में विकास कार्य कराने की मांग करने लगे। उनका कहना था कि पूर्व कराए गए कार्यों की जांच कराने से काम नहीं चलने वाला है। लोगों ने विकास के लिए उन्हें चुनकर भेजा। लिहाजा वह क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करना है। जनता की ओर से लगातार उन्हें जिम्मेदारी का एहसास कराया जा रहा है।
सभासदों की इस बात नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डीके विश्वकर्मा ने कहा कि यह स्वच्छता कार्यशाला है। इसमें किसी भी सदस्य द्वारा विकास कार्य की बात न की जाय। बल्कि इस बात पर गौर किया जाए कि क्षेत्रों में स्वच्छता किस तरह हो कि कार्यशाला का मकसद पूरा किया जा सके। अधिशासी अधिकारी की बात सभासदों को नागवार लगी। इस पर वह भड़क गए और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए सभाकक्ष में हंगामा किया। इस दौरान फर्नीचरों की तोड़फोड़ की गई।
इसके चलते नगरपालिका परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस बारे में पूछे जाने पर अधिशासी अधिकारी डीके विश्वकर्मा ने बताया कि तोड़फोड के साथ सरकारी कार्य में बाधा डालने की तहरीर कोतवाली में भेज दी गई है। इस प्रकरण में कार्रवाई की जाएगी। जबकि शहर कोतवाल शशिमौलि का कहना है कि इस मामले में अब तक कोई तहरीर उन्हें नहीं मिली है।