बैंक अधिकारियों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी गोविंद राजू एनएनस।
पांच सौ और एक हजार के नोट बंद होने से हो रही दिक्कतों के निवारण के लिए जिलाधिकारी गोविंद राजू एनएस ने सोमवार को बैंक अधिकारियों संग बैठक की। उन्होंने सुझाव लिया कि किस प्रकार जनता की दिक्कतों को कम किया जा सकता है। वहीं, एसपी वैभव कृष्ण ने भी सुरक्षा व शांति व्यवस्था सम्बन्धी जानकारी ली। पुलिस का भरपूर सहयोग मिलने का भरोसा जताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जैसे भी हो, बैंकों के उच्चाधिकारियों से बात कर जरूरत के हिसाब से कैश उपलब्ध कराया जाए। अधिकतर बैंक वालों ने बताया कि उनका लिंकेज स्टेट बैंक से है और वहां से कैश नहीं मिल पा रहा। पूर्वांचल बैंक के जिले भर में अन्य ब्रांच होने के नाते वहां कुछ कैश देने का निर्देश स्टेट बैंक के अधिकारी को दिया। कहा ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे नजदीकी ब्रांच पूर्वांचल बैंक को होता है और निश्चित ही इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को कुछ सहूलियत मिल सकती है।
जिलाधिकारी ने सुझाव दिया कि बैंक में घंटों से लाइन में लगे लोगों को अगर उसी दिन पैसे नहीं मिल पाता है तो कुछ ऐसे उपाय करें कि अगले दिन वरीयता के आधार पर उन्हें पैसे मिल जाए। इसके लिए शाम के समय टोकन देकर इस समस्या का समाधान किया जा सकता है। इस तरह किसी को लाइन में लगने पर अफसोस नही होगा।