Ballia News: शोर मचाने पर ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे और बांस की सीढ़ी लगाकर सभी सदस्यों को एक एक करके नीचे उतारा गया। अगलगी की घटना के दौरान दो गैस सिलेंडर घर में थे। ग्रामीणों ने मुंह ढककर गैस सिलेंडर को घर के बाहर फेंका।
बलिया के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शेर में शनिवार की मध्य रात्रि शार्ट सर्किट से आग लगने से एक पक्के मकान में रखी लाखों की नगदी समेत घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पाया गया।
विज्ञापन
शेर गांव निवासी सेवानिवृत्त फौजी सुनील पासवान के घर के सभी सदस्य प्रतिदिन की तरह खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए। इसी बीच, मध्य रात्रि को शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। छत के चारों तरफ आग की लपटें बढ़नी शुरू हो गई। छत पर फंसे घर के लोग चिल्लाने लगे।
आग की घटना में नगदी 1.15 लाख रुपये नगद, दो बाइक, फ्रिज, कूलर, रंगीन टीवी, पलंग, सोफा, अनाज सहित लाखों रुपये के सोने चांदी के आभूषण जलकर खाक हो गया।
पीड़ित ने बताया कि 24 अप्रैल को उनकी बिटिया की शादी थी। इसमें कई रिश्तेदार भी आए थे। उनकी भी नगदी समेत घरेलू कीमती सामान जल गया। बताया कि उनकी एक दूसरी बेटी कुमारी अन्नू की शादी की तैयारी चल रही थी। इसका पूरा कीमती सामान जल कर राख हो गया। अब बिटिया की कैसे शादी होगी? परिजनों को चिंता सता रही है।