बलिया। शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली बालिका के परिजनों ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बालिका को मेडिकल मुआयना के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
10 वर्षीय बालिका बृहस्पतिवार की रात घर से नाराज होकर चली गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने उसे खोज निकाला। इसके बाद परिजनों को सौंप दिया। देर शाम उसकी तबीयत खराब होने पर घरवाले जिला अस्पताल ले गए, जहां के चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया। इसी बीच परिजन व मोहल्ले के लोग रात में कोतवाली पहुंचे तथा बालिका के साथ दुष्कर्म होने की बात कहते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
शनिवार को पुलिस किशोरी को लेकर जिला महिला अस्पताल मेडिकल मुआयना कराने के लिए पहुंची। वहां विलंब होने पर परिजनों ने आक्रोश जताया। पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर मेडिकल कराया। कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि बच्ची के मिलने के बाद उससे जानकारी ली गई थी, लेकिन उसने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी थी। अब जब घरवाले आरोप लगा रहे हैं तो मेडिकल कराया जा रहा है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।