नरही। मगई नदी में शनिवार को सुबह लगभग नौ बजे नहाने गई एक बालिका डूब गई। घटना के सात घंटे बाद तक जब उसे नदी से निकाला नहीं जा सका तो गांव के लोग भड़क गए। उन्होंने एनएच 31 पर राजेश्वर मोड़ के पास शाम को चार बजे जाम लगा दिया। उनका आरोप था पुलिस बालिका को ढूंढ़ने में गंभीरता नहीं दिखा रही है। जाम की जानकारी पर पहुंचे नरही थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्र ने लोगों को किसी तरह समझा-बुझाकर जाम खुलवाया तब लगभग आधा घंटे बाद एनएच पर आवागमन जारी हो सका।
नरही क्षेत्र के कर्णपुरा गांव निवासी मनोज राम की पुत्री चांदर्नी (10) शनिवार की सुबह करीब नौ बजे मगई नदी में नहाने गई थी। अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बालिका को डूबते देख बच्चों ने शोर मचाया। बच्चों का शोर सुन मौके पर गांव के लोगों की भीड़ जुट गई, कई लोग उसे बचाने के लिए नदी में कूदे भी, लेकिन तब तक वह डूब चुकी थी। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद नरही थाने के एसआई रमाशंकर मौके पर पहुंचे और गोताखोरों तथा जाल की मदद से बालिका की तलाश शुरू की गई, लेकिन शाम को लगभग छह बजे तक बालिका का पता नहीं चल सका था।