बलिया। पवित्र श्रावण मास में भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की तैयारी जोरशोर से जारी हैं। इस माह में भगवान शंकर की पूजा और उनके प्रसाद की बड़ी महिमा है। श्रद्धालुओं को इच्छा रहती है कि इस पवित्र मास में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन हो जाएं और उनका प्रसाद मिल सके। इस बार सावन मास में कोविड-19 की तीसरी लहर को देखते हुए कांवर यात्रा पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में श्रद्धालुओं तक गंगोत्री का गंगा जल और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद पहुंचने के लिए तैयारी डाक विभाग ने कर ली है। विभाग श्रद्धालुओं के घर तक दोनों चीजें पहुंचाएगा। 30 रुपये के मनीआर्डर पर गंगोत्री का गंगाजल और 251 रुपये के मनी आर्डर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद स्पीड पोस्ट से श्रद्धालुओं तक भेजा जाएगा।
बलिया मंडल के डाक अधीक्षक संजय त्रिपाठी ने बताया कि 25 जुलाई से सावन शुरू होने वाला है। ऐसे में कोविड-19 की वजह से जो श्रद्धालु काशी नहीं आ पा रहे हैं, उन लोगों तक भी बाबा विश्वनाथ का प्रसाद डाक के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। डाक विभाग और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के बीच हुए एग्रीमेंट के तहत नए स्वरूप में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद स्पीड पोस्ट सेवा उपलब्ध कराया जाएगा। अपने नजदीकी डाकघर से मात्र 251 रुपये का ई-मनीआर्डर प्रवर अधीक्षक डाकघर वाराणसी (पूर्वी) मंडल के नाम भेजना होगा। ई-मनीऑर्डर प्राप्त होते ही डाक विभाग की ओर से तत्काल दिए गए पते पर प्रसाद भेज दिया जाएगा।
टेंपर प्रूफ इनवेलप में होगा प्रसाद
बलिया। डिब्बा बंद प्रसाद टेंपर प्रूफ लिफाफे में होगा। इससे किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जा सकेगी। प्रसाद में श्री काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग की छवि, महामृत्युंजय मंत्र, श्री शिव चालीसा, 108 दाने की रुद्राक्ष की माला, बाबा को चढ़ा बेलपत्र, माता अन्नपूर्णा से भिक्षाटन करते भोले बाबा की छवि अंकित सिक्का, मेवा, भस्म, चंदन, रक्षासूत्र और मिश्री का पैकेट इत्यादि शामिल होगा।