जयप्रकाशनगर। दोकटी थाना क्षेत्र के प्रीतम छपरा गांव निवासी सीआरपीएफ के जवान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को गंगा नदी के सती घाट (लालगंज) भुसौला पर किया गया। दस वर्षीय पुत्र विशाल ने मुखाग्नि दी। सीआरएएफ के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
क्षेत्र के प्रीतम छपरा निवासी सीआरपीएफ में तैनात हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार (43) का पार्थिव शरीर देर रात उनके पैतृक गांव आया। इसके बाद सैकड़ों लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। विभाग के ओर से अंतिम संस्कार के लिए भेजे गए 75 हजार रुपये सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर सुरेंद्र बहादुर सिंह ने शहीद के पत्नी को दिया। इसके बाद पार्थिव शरीर सती घाट लाया गया। यहां अंतिम संस्कार हुआ।प्रधान प्रतिनिधि अजय यादव, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, स्थानीय पुलिस के साथ सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
धर्मेंद्र कुमार ) पश्चिम बंगाल के झाड़ी ग्राम में सीआरपीएफ के 184 बटालियन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। एक वर्ष से मणिपुर के इम्फाल में ड्यूटी कर रहे थे। पत्नी पूनम देवी के अनुसार, मंगलवार की सुबह जानकारी मिली कि पति की तबीयत खराब हो गई है। बुधवार की सुबह वह परिजनों के साथ इम्फाल के लिए रवाना हुईं। छपरा के पास पहुंची थीं कि सूचना मिली कि उनके पति दुनिया में नहीं रहे। धर्मेंद्र अपने पीछे मां सन्मुखिया देवी, पत्नी, पुत्री रिया कुमारी, रागिनी कुमारी, पुत्र विशाल कुमार, आरुष कुमार को छोड़ गए हैं।