बलिय। रेल प्रशासन ने अपरिहार्य कारणों से बनारस-प्रयागराज रामबाग रेल खंड पर चलने वाली ट्रेनों का निरस्तीकरण, मार्ग परिवर्तन किया है। वाराणसी के जन संपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि दो से तीन फरवरी तक (12562) नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। तीन व चार फरवरी को जयनगर से प्रस्थान करने वाली 12561 जयनगर-नई दिल्ली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
रेलवे स्टेशन से रविवार को गुजरने वाली कई ट्रेनें दो से 21 घंटा तक लेट रहीं। नई दिल्ली से शुक्रवार की चली 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 17: 51 घंटा लेट रही। शनिवार की सुबह पहुंचने की जगह रविवार को भोर में 3:28 बजे पहुंची। शनिवार को नई दिल्ली से चली 12562 स्वतंत्रता सेनानी 21 घंटा लेट से सोमवार को सुबह 10 बजे के करीब स्टेशन पर पहुंचेगी। ट्रेन के इंतजार में पहुंचे यात्री निराश होकर वापस लौट गए।
ट्रेनों के लेट चलने से यात्री टिकट कैंसिल कराने को मजबूर हैं। रोज 15 से 20 आरक्षित टिकट कैंसिल हो रहे हैं। ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने को देख रेलवे ने चार फरवरी तक स्वतंत्रता सेनानी को रद कर दिया है। 11034 दरभंगा-पूना एक्सप्रेस शनिवार की रात 12.05 बजे पहुंचने की जगह 13 घंटा लेट दोपहर 1.36 घंटा पहुंची। इसके अलावा करीब पांच ट्रेनें विलंब से चल रही है। पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि तीन फरवरी को 11060 छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनल पवन एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग शाहगंज-लखनऊ-कानपूर सेंट्रल-झांसी-बिना-इटारसी होकर चलाई जाएगी। इस कारण यह गाड़ी अपने पूर्व निर्धारित ठहराव जौनपुर, जफराबाद, मड़ियाहूं जंघई, फूलपुर, प्रयागराज जं, नैनी, सतना व जबलपुर पर नहीं रुकेगी।
लोकमान्य तिलक टर्मिनल से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 15017 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-गोरखपुर काशी दादर एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग इटारसी-झांसी-कानपूर सेंट्रल-लखनऊ-बाराबंकी-गोरखपुर होकर चलाई जाएगी। इस ट्रेन पूर्व निर्धारित ठहराव चौरीचौरा, देवरिया सदर, भटनी, सलेमपुर, लाररोड, बेल्थरारोड, इंदारा, मऊ, दुल्लहपुर, जखनिया, सादत, औडिहार, वाराणसी सिटी, वाराणसी जं, भदोही, जंघई, उग्रसेनपुर, फूलपुर,फाफामऊ, प्रयाग, प्रयागराज जं, नैनी, मानिकपुर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया,सोहागपुर स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
-