रसड़ा। कोतवाली क्षेत्र के जाम गांव स्थित फर्जी चैरिटेबल संस्था के संचालक दिलीप भारती के घर से पुलिस ने ट्रस्ट गिरोह के चार वांछित दिलीप भारती, (प्रबंधक), सुमंत भारती, शनि भारती, नंदू राजभर को गिरफ्तार किया। इन पर आरोप है कि संस्था खोलकर रसड़ा नगरपालिका व सिकंदरपुर सहित अन्य नगर पंचायत में सफाईकर्मी व सुपरवाइजर के लिए युवकों को फर्जी नियुक्ति पत्र दिया था।
कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी हमराही चैरिटेबल सेवा संस्थान संस्था छितौनी में खोलकर बेरोजगार युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूल कर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किया गया था। नौकरी नहीं मिलने पर कई युवा ऑफिस पर आकर हंगामा भी किया था। एक दैनिक समाचार पत्र में संस्थान द्वारा नगर पालिका रसड़ा में सुपरवाइजर की नौकरी देने का आवेदन भी निकाल दिया था। नगर पालिका में युवाओं की भीड़ उमड़ने लगी तो नपाध्यक्ष एवं ईओ द्वारा नोटिस चस्पा कर युवाओं का भ्रम दूर किया गया। कई युवाओं ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस टीम ने सूचना पर दिलीप भारती निवासी जाम (प्रबंधक हमराही चैरिटेबल सेवा संस्थान), सुमन्त भारती निवासी बर्रेबोझ, शनि भारती निवासी गढ़मलपुर थाना पकड़ी, नन्दू राजभर निवासी ग्राम छितौनी को जाम से गिरफ्तार किया। संवाद