पूर्व मंत्री नारद राय ने कहा कि 60 दिनों से दिल्ली की सड़कों पर किसान अपनी कृषि को बचाने के लिए अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। बावजूद गूंगी-बहरी सरकार उनकी मांगों को न मानकर आंदोलन को ही कमजोर करने में लगी है। पूर्व मंत्री रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय पर 26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च को लेकर तैयारी बैठक में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा कि सरकार में ऊंचे ओहदे पर बैठे लोग भी किसानों के संबंध में ओछी बातें बोल रहे हैं, जो निंदनीय है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस पूरे आंदोलन के दौरान एक मात्र समाजवादी पार्टी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही पूरे दमखम से किसानों के साथ खड़े हैं। 26 जनवरी के ट्रैक्टर मार्च को समाजवादी पार्टी पूरे तन्मयता से सफल बनाएगी।
इसी दौरान सपा कार्यालय पर सामाजिक न्याय के प्रबल पैरोकार बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि भी मनाई गई। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर वक्ताओं ने कहा कि स्व. ठाकुर जीवन पर्यंत शोषित, पीड़ितों और वंचित समाज की बेहतरी के लिए संघर्ष किया तथा ईमानदारी के प्रतीक थे।