फेफना। धुरियादाई खेल मैदान में पिछले सात दिनों से चल रहे फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार की देर शाम स्टेडियम बलिया और चेरुईया के बीच खेला गया। इसमें बलिया स्टेडियम की टीम ने चेरुईया को ट्राईब्रेकर में 4-1 से परास्त कर दिया।
मुख्य अतिथि विद्यासागर ओझा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभारंभ किया। मैच शुरू होने के प्रथम हाफ में दोनों टीम के खिलाड़ी काफी संघर्ष करते रहे। किसी भी तरफ से कोई गोल नहीं हो पाया। दूसरे हाफ में दोनों टीम के खिलाड़ीयों ने संघर्ष किया पर किसी को कामयाबी हासिल नहीं हुई। निर्धारित समय खत्म होने के बाद ट्राईब्रेकर के माध्यम से स्टेडियम बलिया की टीम ने 4-1 से फाइनल जीत लिया। आयोजक समरजीत यादव ने विजेता को ट्राफी प्रदान की। रेफरी के रूप में वीरेंद्र सिंह, लाइनमैन दीपक सिंह, प्रदीप यादव, संचालक हरिओम यादव रहे। कमेंट्री शिवदयाल यादव ने की।