जिला कारागार से कैदी के फरार होने के बाद जांच में आए डीआईजी जेल तथा गेट के बाहर खड़े कारागार पुलिस?
- फोटो : BALLIA
बलिया। चोरी और हत्या के मामले में जिला कारागार में निरुद्घ बंदी बेचू राम सोमवार की रात रोशनदान का सरिया काटकर जेल की दीवार फांदकर भाग गया था। इसकी जानकारी मंगलवार की सुबह जेल प्रशासन को बंदियों की गिनती के दौरान हुई। पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताडा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को पकड़ने के लिए पांच टीमें गठित कर दिया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक अभियुक्त पुलिस की पकड़ से दूर है। उधर, डीआईजी जेल भी मंगलवार को जिला कारागार पर पहुंचे और जेल का निरीक्षण किया था। तत्पश्चात मातहतों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए दिशा निर्देश दिया था।
बता दें कि बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के बिगहीं निवासी बेचू राम पुत्र ढोड़ा राम पर जनपद के अलग-अलग थानों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह पांच जून 2018 से जेल में निरुद्घ था। सोमवार को कोर्ट पेशी से लौटा बेचू रात में बैरक के अंदर के रोशनदान में लगे लोहे के सरिया को काटा और जेल की 20 से 25 फीट ऊंची दिवार को फांदकर फरार हो गया था।
डीआईजी ने कैदी-बंदी व बंदीरक्षकों से की पूछताछ
बलिया। जिला कारागार में निरुद्घ बंदी बेचू राम की सोमवार की रात भागने की जानकारी होते ही डीआईजी गोरखपुर रेंज डा. रामधनी मंगलवार को जनपद में पहुंचे और जेल का निरीक्षण किया। बुधवार को भी डीआईजी ने जेल में घटना स्थल का गहनता से निरीक्षण किया। इसके बाद बैरक में मौजूद कैदियों व बंदी रक्षकों से घटना के बारे में पूछताछ की। तत्पश्चात रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को सौंपेंगे। रिपोर्ट सौंपने के बाद ड्यूटी पर तैनात कुछ बंदीरक्षकों पर गाज गिरना लगभग तय है।