बलिया/हल्दी/मझौवा। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के नींबू कबीरपुर मंदिर तिराहा के समीप यूपी एसटीएफ ने शुक्रवार की सुबह 11.30 बजे हुई मुठभेड़ में 33 मामलों में वांछित और एक लाख के इनामी बदमाश हरीश पासवान को को मार गिराया था। उसका बाइक सवार साथी भागने में सफल रहा। इस मामले में एसटीएफ के डिप्टी एसपी डीके साही ने टीम पर फायरिंग के संबंध में कुख्यात हरीश पासवन तथा एक अज्ञात के खिलाफ रसड़ा कोतवाली में धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कराया।
वहीं, एनकाउंटर में मारे गए कुख्यात हरीश पासवान के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार की देर शाम पैतृक गांव बाबूबेल लाया गया। एनकाउंटर के बाद से गांव में सीओ राजेश त्रिपाठी और एसओ आरएस नागर के नेतृत्व में पुलिस फोर्स गांव में जमी रही। पीएसी भी बुलाई गई थी। अंतिम संस्कार के दौरान भी फोर्स मौजूद रही। उसका अंतिम संस्कार पचरुखिया घाट के शवदाह गृह में किया गया। मुखाग्नि मृतक के छोटे भाई शिरीष पासवान ने दी। शनिवार की सुबह सब सामान्य रहा। हरीश पासवान को पर्दे के पीछे मदद पहुंचाने वालों में विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता व जनप्रतिनिधि शामिल थे। दोकटी, बैरिया, रेवती, हल्दी, दुबहर सहित विभिन्न थाना क्षेत्र के गांव में उसके गैंग के सदस्य सक्रिय हैं।