पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर महाविद्यालयीय शिक्षक एसोसिएशन (जनकुक्कटा) ने मोर्चा खोल दिया है। अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार राय और महामंत्री डॉ. अवनीश चंद पांडेय ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली को प्रमुखता से उठाया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाकर 65 वर्ष करने की मांग की गई है। मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और केंद्र सरकार के संस्थानों में लागू व्यवस्था का हवाला देते हुए अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों को 62 वर्ष की सेवा पूरी करने पर ग्रेच्युटी का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। सेवानिवृत्त शिक्षकों की पेंशन और सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) के भुगतान में आ रही वित्तीय अड़चनों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की मांग भी उठाई है।
ज्ञापन में प्रोन्नति प्रक्रिया के दौरान समर्थ पोर्टल पर आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने, विषय विशेषज्ञों के सिटिंग चार्ज का भुगतान करने और यूजीसी विनियम-2018 के विपरीत मूल्यांकन अवधि से जुड़ी शर्तों में संशोधन करने की मांग शामिल है। प्रत्येक पदोन्नति पर एक अतिरिक्त वेतन वृद्धि (नोशनल इंक्रीमेंट) देने की मांग भी की गई है।
इसके अलावा उच्च शिक्षा में कार्यरत शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने और नियुक्ति से पहले आयुष्मान कार्ड बनवाने वाले शिक्षकों को भी इसका पूरा लाभ सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इस मौके पर डॉ. विमल कुमार यादव, वेद प्रकाश पांडेय, जितेंद्र सिंह, राजेश पांडेय, सुशील त्रिपाठी, डॉ. अमर सिंह, डॉ. भारतेंदु मिश्र, डॉ. विनीत राय , डॉ. मनजीत सिंह,डॉ. रमाकांत सिंह, डाॅ. ऋषि विवेकधर, डॉ. जयशंकर सिंह आदि रहे।