बलिया। विकास खंड दुबहर के किसानों ने शहर के गंदे पानी से हो रहे खेतों में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप तत्काल निजात दिलाने की मांग की।
गंगा किनारे के किसानों ने उल्लेख किया कि नगरपालिका परिषद बलिया के सीवरेज का गंदा पानी गंगा के छाड़न के सहारे बिचलाघाट, बेदुआ, शनिचरी मंदिर के किनारे होते हुए दुबहर विकास खंड के ओझवलिया तक के गांव तक फैला है। इसके चलते विगत वर्ष हजारों एकड़ सब्जी एवं रबी की फसल की बुआई प्रभावित हो गई थी। इस वर्ष भी फसलों की बुआई नहीं हो पा रही है। गंगा पानी के रास्ते होकर दियरा क्षेत्र में आवागमन करने से कई प्रकार की बीमारिया व चर्म हो रहे है। साथ में पशुओं में भी बीमारी फैल रही है।
किसान नेता विमल पाठक ने कहा कि कृषि कार्य प्रभावित होने के चलते करीब 22 गांवों के किसानों की पैदावार प्रभावित हुई है और आगे भी खेती प्रभावित होने की संभावना दिख रही है। किसानों ने मांग किया शहर के गंदे पानी के बहाव को तत्काल बंद किया जाए। जिससे किसान अपने खेती का कार्य कर सके। ज्ञापन सौंपने वालों में पुना सिंह, भुवनेशवर पासवान, छोटेलाल राम, मनीष पांडेय, लक्की सिंह, धर्मेंद्र यादव, बृजेश यादव, मनोज ठाकुर, विनोद पासवान, अंबिका पांडेय, अखिलेश पांडेय, विनोद पाठक, दशरथ यादव, सुनील पांडेय, सूर्यबली यादव, निर्मल पांडेय, शंभू पाठक, विष्णुदेव पांडेय, चंद्र कुमार पाठक, संजय गिरि, हृदयानंद पाठक आदि शामिल रहे।