आबकारी विभाग ने छापेमारी कर अवैध रूप से चल रही दो भट्ठियों को तोड़ा और 600 किलोग्राम लहन को नष्ट किया। इसके साथ ही 30 लीटर कच्ची शराब बरामद की और दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
आबकारी विभाग की प्रवर्तन टीम ने बृहस्पतिवार को रेवती थाना क्षेत्र के भाखर गांव में छापा मार कर 30 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इस दौरान टीम ने मौके पर 600 किग्रा लहन और कच्ची शराब बनाने की दो भट्ठियां भी नष्ट की। मामले में आबकारी विभाग ने दो अभियाेग पंजीकृत किया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, विभाग को यह शिकायत मिली थी कि भाखर गांव में अवैध रुप से कच्ची शराब का निर्माण और कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जिला आबकारी अधिकारी विजय शुक्ला ने क्षेत्र दो के आबकारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक संदीप यादव, मनोज यादव, विनोद कुमार साव एवं प्रदीप कुमार मौर्य और विभागीय आरक्षियों की टीम बनाई।
टीम ने बृहस्पतिवार की सुबह भाखर गांव में दबिश दी। इस दौरान गांव के खेतों में अलग-अलग स्थानों पर बनाई दो भट्ठियों को नष्ट किया। साथ ही 600 किग्रा लहन व शराब बनाने के उपकरणों को भी नष्ट किया। जबकि दो अभियोग पंजीकृत करते हुए 30 लीटर कच्ची शराब बरामद किया।