जयप्रभा सेतु से नदी में युवती के छलांग लगाने की सूचना पर उपस्थित लाेगों की भीड़। जागरुक पाठक
जयप्रकाश नगर। जयप्रभा सेतु से बृहस्पतिवार की दोपहर कंप्यूटर इंजीनियरिंग की छात्रा ने करीब सरयू नदी में छलांग लगा दी। और तेज धारा में बह गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती बिहार की ओर से सेतु के पाया नंबर दो के पास पहुंची। वह फोन पर किसी से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान रेलिंग पर चढ़ गई और नदी में कूद गई। नदी में गिरने के बाद वह तेज धारा में करीब एक किलोमीटर तक बहते हुए धनी छपरा गांव के सामने तक पहुंची। इस दौरान उसने लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन नदी की तेज धारा के कारण कोई उसके पास नहीं पहुंच सका और वह गहरे पानी में लापता हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दो बाइक सवार युवक भी युवती के पीछे-पीछे सेतु तक पहुंचे थे। युवती को नदी में कूदते देख दोनों युवक वहां से चले गए। घटना के कुछ देर बाद उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर एक महिला बदहवास हालत में पहुंची। मांझी पुलिस की पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान दोकटी थाना क्षेत्र के सेवक राय के टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह की पत्नी रेखा देवी के रूप में बताई। उन्होंने बताया कि नदी में कूदने वाली युवती उनकी 25 वर्षीय बेटी सौम्या सिंह है।
परिजनों के अनुसार, सौम्या ने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली के बदरपुर में कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में छात्रा की तलाश शुरू कराई। देर तक खोजबीन जारी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका था।