बांसडीह। विकास खंड कार्यालय पर पिछले दिनों शाहपुर निवासी रोजगार सेवक जितेंद्र चौहान के साथ कार्यालय में हुई मारपीट तथा मस्टररोल फाड़ने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए मंगलवार को रोजगार सेवकों ने ब्लाक कार्यालय के सामने ही धरना दिया। आरोप लगाया कि गिरफ्तारी नहीं होने के कारण आरोपी धमकी दे रहे हैं।
रोजगार सेवकों ने खंड विकास कार्यालय के गेट पर ताला लगाकर कार्य बहिष्कार करते हुए गेट के सामने ही धरने पर बैठ कर नारेबाजी करने लगे। रोजगार सेवक संघ के जिला उपाध्यक्ष मदन कुमार यादव ने कहा कि कार्यालय में रोजगार सेवक के साथ दुर्व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मुहम्मद वशीर ने कहा कि जिला प्रशासन इस पूरे मामले में जो भी दोषी हो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें ताकि आने वाले दिनों में रोजगार सेवकों से कोई भी व्यक्ति दुर्व्यवहार न करे। अगर समय रहते विभाग के अधिकारी संज्ञान नहीं लेते हैं तो गांव के विकास की गति प्रभावित हो सकती है। इस मौके पर राकेश यादव, मनोहर लाल यादव, रामबहादुर, अनूप कुमार मौर्या, जितेंद्र कुमार चौहान, निर्भय नारायण मिश्रा, संतोष कुमार, रामाशीष प्रसाद, राधेश्याम प्रसाद, आदि रहे।