तहसील में लचर विद्युत व्यवस्था को लेकर बिजली विभाग के जेई रतनलाल मौर्य को बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने शुक्रवार को जमकर फटकार लगाई। चेताया कि आम लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अंचल ने बैरिया डाक बंगला परिसर में प्रेसवार्ता की और कहा कि चाहे ट्रांसफार्मर का विस्तार हो या जर्जर तार की समस्या का समाधान यह सबकुछ बहुत जल्द किया जाएगा। उन्होंने पूर्व के विद्युत रोस्टर फिर से शुरू कराने का आश्वासन दिया। कहा कि झरकटहां और लालगंज में दो विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण होगा।
अग्रिशमन केंद्र इब्राहिमाबाद में निर्माण शुरू हो गया है। बैरिया में मंडी समिति का टेंडर भी हो चुका है, बहुत जल्द निर्माण कार्य भी शुरू होगा। टाउन एरिया के लिए भले समय लग रहा है, लेकिन फाइल प्रक्रिया में चल रही है और जल्द इस दिशा में सफलता मिलेगी। बैरिया से सुरेमनपुर शहीद स्मारक रोड़ के बोरे में बताया कि पौने आठ करोड़ का स्टीमेट शासन को भेजा गया है, जो जल्द ही स्वीकृत हो जाएगा।
लापरवाह कोटेदारों को चेताया कि जो भी कोटेदार खाद्य सुरक्षा अधिनियम का अनाज नहीं बांटा गया है तो, यथाशीघ्र वितरण कर दें। अन्यथा संबंधित कोटेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दूबेछपरा गांव और इब्राहिमाबाद नौबरार को गंगा और घाघरा की कटान से बचाने का हर संभव प्रयास चल रहा है। एक सवाल के जवाब में कहा कि सपा के लिए चुनावी मुद्दा सपा द्वारा कराए गए विकास कार्य का है।
आखिर सपा सरकार से ज्यादा पूर्व की कौन सी सरकार ने इतना ज्यादा विकास कार्य कराया है। सूबे के मुखिया ने अपने खजाने के मुंह एक तरफ से जनपद के लिए खोल दिया है। जिससे महत्वपूर्ण कई सड़कें, पुल, ट्रामा सेंटर, विश्वविद्यालय आदि का स्थापना होना रहा है।
उन्होंने कहा कि दो मई को अपने पिता पूर्व मंत्री शारदानंद अंचल की पुण्यतिथि बैरिया में मनाने पर विचार चल रहा है। बैरिया के लिए जितना संभव होगा विकास किया जाएगा। उत्तरी दियरांचल के वशिष्टनगर होते हुए गोपालनगर पंचायत भवन से होकर जाने वाली सड़क की शिकायत 31 मार्च को अमर उजाला में छपी है। जिसे हमने गंभीरता से लिया है। इसकी जांच बैठाई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।