बलिया। जिला योजना समिति के सदस्यों का चुनाव शुक्रवार को जिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष में सुबह आठ से दिन के तीन बजे तक कराया जाएगा। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अदिति सिंह ने बताया कि इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों में से जिला योजना समिति के सदस्यों का निर्वाचन होना है। 31 अगस्त को नाम वापसी के बाद अनारक्षित वर्ग के नौ, अनारक्षित वर्ग महिला के पांच, अनुसूचित जाति के तीन, अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के दो पदों के लिए मतदान तीन सितंबर को होगा। मतगणना का कार्य दोपहर तीन बजे से कार्य की समाप्ति तक कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष में होगा। उन्होंने जिला पंचायत सदस्यों से मतदान में भाग लेने की अपील की है। साथ ही मतदान करने के लिए अपना-अपना निर्वाचन प्रमाणपत्र साथ लाने की बात कहीं है।
छह निर्विरोध, 19 पदों के लिए होगा चुनाव
बलिया। जिला योजना समिति के 25 पदों में छह का निर्विरोध निर्वाचन होने से शेष बचें 19 पदों के लिए शुक्रवार को चुनाव होगा। जिन सदस्यों का निविरोध निर्वाचन हुआ है, उनमें पांच अन्य पिछड़ा वर्ग के और एक अनुसूचित जाति की महिला शामिल हैं। जिला योजना सदस्य के नौ अनारक्षित, पांच अनारक्षित महिला, अनुसूचित जाति के तीन और अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए दो पदों के लिए चुनाव होगा। हालांकि पूर्व में कुल 37 लोगों ने नामांकन किया था, जिनमें तीन का पर्चा खारिज होने के बाद अब 19 पदों के लिए कुल 34 उम्मीदवार मैदान में है।
मतदान और मतगणना के लिए तीन मजिस्ट्रेट नियुक्त
बलिया। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अदिति सिंह ने शुक्रवार को होने वाले जिला योजना समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की है। इसमें अभय कुमार सिंह एसडीएम बैरिया (9454417958) को कलेक्ट्रेट गेट नंबर एक पर शांति एवं कानून व्यवस्था, सर्वेश कुमार यादव एसडीएम बेल्थरारोड (9454417960) को जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष के बाहर चैनल गेट और मतदान परिसर में शांति एवं कानून व्यवस्था तथा सीमा पांडेय, डिप्टी कलेक्टर (9454417209) को जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष के बाहर चैनल गेट पर सदस्य जिला योजना समिति (महिला) की सहायता के लिए तैनात किया है।