जयप्रकाश नगर। बैरिया थाना क्षेत्र के चांददीयर गांव निवासी एक अधेड़ बुधवार को करंट की चपेट में आ गया। परिजन सीएचसी सोनबरसा ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। यह सूचना गांव में मिलते ही कोहराम मच गया। उधर, सूचना पर पहुंची चांददीयर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
चांददीयर गांव निवासी हरिशंकर साह (50) बुधवार को महीनों से हो रही बारिश से परेशान होकर बाजार से करकट खरीद कर ले आए और जिधर पानी रिस रहा था उधर अपने भतीजे दिलीप साह (30) के साथ आंगन में लगाने लगे। तब तक बिजली का तार करकट से सट गया और करकट में बिजली प्रवाहित होने से करंट की चपेट में चाचा-भतीजा दोनों आ गए और हरिशंकर बेसुध हो गए। संयोग रहा कि दिलीप चप्पल पहना हुआ था जिससे उसे करंट का झटका लगा। हरिशंकर को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही चांददीयर चौकी प्रभारी सूरज कुमार सिंह मौके पर पहुंच और शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।