बलिया। पवित्र माह रमजान के आखिरी जुमे (अलविदा) की नमाज शुक्रवार को पूरे जनपद में बेहद अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। अलविदा जुमे की नमाज को इस्लाम में खास महत्व दिया जाता है, क्योंकि यह रमजान के आखिरी शुक्रवार की नमाज होती है।
मस्जिदों में विशेष इंतजाम किए गए थे। नमाजियों की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पानी और सुरक्षा व्यवस्था का खास ध्यान रखा गया था। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और ईद की तैयारियों को लेकर उत्साह नजर आए। शहर की जामा मस्जिद, विशुनीपुर मस्जिद समेत 374 मस्जिदों पर नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। शनिवार को ईद मनाई जाएगी, जिले के 133 ईदगाह व 198 मस्जिदों पर ईद की नमाज अदा की जाएगी।
अलविदा की नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर की जामा मस्जिद और विशुनीपुर मस्जिद समेत संवेदनशील इलाकों में एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर और कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी ने खुद मोर्चा संभाला। पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो एएसपी, 15 इंस्पेक्टर, 125 सब इंस्पेक्टर, 392 कांस्टेबल के साथ पीएसी और फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात रहीं। अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। सिकंदरपुर कस्बे में भी अलविदा की नमाज पूरी सादगी और सौहार्द के साथ संपन्न हुई। एसडीएम सुनील कुमार और क्षेत्राधिकारी रजनीश यादव के नेतृत्व में पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहा। शाही मस्जिद और अन्य इबादतगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज के बाद इमामों ने ईद-उल-फितर की नमाज के समय की घोषणा की।
सिकंदरपुर शाही मस्जिद में सुबह आठ बजे और ईदगाह में सुबह नौ बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। नमाज के बाद सभी अकीदतमंदों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और शांतिपूर्ण ढंग से अपने घरों को लौटे। नरही में रोजा की अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। उजियार में मस्जिद बैतून नूर में रोजा की दूसरी नमाज अदा की गई। इसी तरह अमांव, कोटवा नारायणपुर, भरौली, सोहांव में मस्जिद परिसर में नमाज अदा किया।
बेल्थरारोड नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में आखिरी जुमे की नमाज पूरी अकीदत के साथ अदा की गई। इस दौरान भारी संख्या में रोजेदारों ने नमाज में हिस्सा लिया और एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद देते हुए अमन चैन और मुल्क की सलामती के लिए दुआएं मांगी। मनियर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अलविदा कि नमाज शांति तरीके से सपन्न हुई। नमाज की समय सुरक्षा की दृष्टि से थाना अध्यक्ष कौशल पाठक अपने पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे ।
दया छपरा ग्राम पंचायत जगदेवा पांडेपुर के चिंतामणि राय के टोला स्थित मस्जिद पर क्षेत्र के पांडेपुर, मुरली छपरा, हाता गांव के मुस्लिम बंधुओ ने अलविदा की नमाज अदा किया। सुरक्षा को लेकर उपनिरीक्षक जवानों के साथ मुस्तैद रहे।