परीक्षा देकर वापस जाते यूपीटीईटी के अभ्यर्थी।
- फोटो : BALLIA
बलिया। यूपी टीईटी बुधवार को जिले के 26 केंद्रों पर हुई। दो पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए पंजीकृत कुल 26988 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 22778 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 4210 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली की परीक्षा के दौरान शहर के टीडी कॉलेज केंद्र पर दो परीक्षार्थियों को अनुचित साधन के प्रयोग आरोप में पकड़कर परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। सभी केंद्रों पर पूरी परीक्षा के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट जहां मौजूद रहे वहीं, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट चक्रमण करते रहे।
यूपी टीईटी जिले के कुल 26 केंद्रों पर हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने बताया कि प्रथम पाली में प्राथमिक स्तर के एक से पांच तक की परीक्षा सभी 26 केंद्रों पर हुई। इसके लिए पंजीकृत कुल 18852 के सापेक्ष 16025 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 2827 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली की परीक्षा के दौरान शहर के टीडी कॉलेज केंद्र पर एक छात्र और एक छात्रा को अनुचित साधन के प्रयोग के तहत पकड़ा गया। डीआईओएस ने बताया कि दोनों चिट रखे हुए थे। दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर के छह से आठ तक के लिए कुल 11 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसके लिए पंजीकृत कुल 8136 के सापेक्ष 6753 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दोनों पालियों की परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। परीक्षा से पहले सुबह ही सभी केंद्रों के स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने कोषागार से प्रश्नपत्र लिया और उसे लेकर केंद्रों पर पहुंचे। परीक्षा के दौरान सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट निर्धारित केंद्रों पर मौजूद रहे। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों के आसपास पुलिस की तैनाती की गई थी और जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान चक्रमण करते रहे। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई गई।