नाराजगी जताते हुए मंगल पांडेय विचार मंच के संयोजक गणेश सिंह।
- फोटो : balia
पिछले एक दशक से निर्माणाधीन शहीद मंगल पांडेय राजकीय महिला महाविद्यालय नगवां का निर्माण कार्य अब तक पूरा न होने पर मंगल पांडेय विचार मंच के सदस्यों ने नाराजगी जताई है। रविवार को नगवा ढाले पर मंच की हुई बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष कृष्णकांत पाठक ने कहा कि कार्यदायी संस्था निर्माण निगम कार्य में काफी लापरवाही बरत रहा है। जिसके कारण महाविद्यालय की पांच सौ से अधिक छात्राएं स्मारक समिति के एक ही कमरे में अध्ययन करने को विवश हैं। जबकि शासन से निर्माण के लिए धन अवमुक्त कराया जा चुका है।
श्री पाठक ने कहा कि गर्मियों में अवकाश के बाद एक जुलाई से महाविद्यालय खुल जाएगा। बावजूद कार्यदायी संस्था और जिला प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इसके लिए आगामी चार जुलाई को मंच का प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा। साथ ही निर्माण में तेजी लाने की मांग करेगा। इस मौके पर गणेश सिंह, दयानंद मिश्र, अंजनी सिंह, पन्नालाल गुप्ता, प्रधान विमल पाठक, बब्बन विद्यार्थी, अन्नपूर्णानंद तिवारी, मोहन सिंह, पूर्व जिपंस अरूण सिंह, डा. सुरेश चंद्र, अख्तर अली, अजीत पाठक, प्रियंबद दूबे, शिनाथ यादव, डा. राजेश प्रसाद आदि मौजूद रहे। मंच ने 11 जुलाई को क्लीन यूपी, ग्रीन यूपी कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर 10 जुलाई को शहीद मंगल पांडेय के पैतृक गांव में पौधरोपण करने का निर्णय लिया।