पुलिस उपमहानिरीक्षक सुभाषचंद्र दूबे ने बुधवार को जिले में पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने आरोग्य सेतु एप को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मऊ जनपद के सीमा पर की गई बैरिकेडिंग सहित सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
डीआईजी दूबे मंगलवार की रात में ही जिले में आ गए थे। उन्होंने रात में ही खेजुरी थाना क्षेत्र के मासुमपुर गांव में हालात का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। गौरतलब हो कि इस गांव में दो समुदायों के बीच विवाद के बाद तनाव बना हुआ है। वहां सीओ स्तर के अधिकारी कैंप कर रहे हैं। डीआईजी श्री दूबे ने बताया कि बलिया अभी ग्रीन जोन में है इसलिए यहां ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है। थोड़ी सी भी लापरवाही अब तक की पूरी मेहनत पर पानी फेर सकती है। उन्होंने जिले में होम क्वारंटीन किए गए लोगों की निगरानी के लिए बनी समिति में पुलिसकर्मियों को भी सहयोग करने के साथ सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।