बैरिया। मौसम में सुधार होने के बाद भी वाराणसी-बलिया-छपरा रेल खंड पर ट्रेनों का लेट होना जारी है। सुरेमनपुर के यात्रियों ने मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी और महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर से ट्रेनों के परिचालन में सुधार की मांग की है।
सारनाथ से थावे होते हुए छपरा-सुरेमनपुर-बलिया के रास्ते फिर सारनाथ जाने वाली ट्रेन (05102) डाउन में 12 घंटे विलंब से सुरेमनपुर पहुंची। इसका पहुंचने का समय भोर में 2:23 बजे है। इसके स्थान पर 5:25 बजे शाम को सुरेमनपुर पहुंची इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों का बुरा हाल देखने को मिला। छपरा-औड़िहार पैसेंजर ट्रेन लगभग डेढ़ घंटे विलंब से सुरेमनपुर पहुंची। अप पाटलिपुत्र-बलिया मेमो (63333) भी डेढ़ घंटे विलंब से सुरेमनपुर पहुंची।
डाउन माघ मेला स्पेशल (05114) शाम 4:30 बजे के स्थान पर 7:45 पर सुरेमनपुर पहुंची। डाउन उत्सर्ग एक्सप्रेस (15084) भी अपने निर्धारित समय से दो घंटे विलंब से सुरेमनपुर पहुंची। वाराणसी सिटी-छपरा पैसेंजर अपने निर्धारित समय से डेढ़ घंटे लेट पहुंची। दरभंगा-साबरमती एक्सप्रेस सुरेमनपुर में अपने निर्धारित समय से लगभग 3 घंटे विलंब से पहुंची। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस (12562) अपने निर्धारित समय से सात घंटे विलंब से सुरेमनपुर पहुंची। सरयू यमुना एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से 4 घंटे विलंब से सुरेमनपुर पहुंची।