रेवती थाना क्षेत्र के नारायणपुर दीघार निवासी मनजी पटेल का पुत्र श्रीकांत चौधरी दिसम्बर वर्ष 2022 में भर्ती हुआ था। परिजनों की मानें तो करीब छह माह पहले श्रीकांत की पोस्टिंग आगरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन में हुई थी।
तीन जून को छुट्टी लेकर घर आया था और 13 जून को पुनः जाकर ड्यूटी ज्वाइन की थी। परिजनों के अनुसार श्रीकांत चौधरी संतरी ड्यूटी में लगा हुआ था। मंगलवार की देर रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना की सूचना आगरा में तैनात उसके साथी जवान ने बुधवार की सुबह करीब 5 बजे फोन से परिजनों को दी थी। परिजनों ने जब जानना चाहा कि श्रीकांत की मौत आखिर कैसे हुई तो कोई भी कुछ भी बताने से परहेज कर रहा था।
परिजनों का कहना था कि जब तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। इस मौके पर एयरफोर्स जूनियर वारंट ऑफिसर परमेश्वर कुमार साह, वी. सिंह, कुंदन तिवारी, सार्जेंट हृदय कुमार, क्षेत्रीय विधायक जयप्रकाश अंचल, प्रधान मनोज कुमार यादव, पूर्व प्रधान अशोक सिंह मौजूद रहे।