उभांव थाना क्षेत्र के होलपुर स्थित एक खेत की नाली में बृहस्पतिवार की देर शाम एक युवक का शव पाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
क्षेत्र के सद्दोपुर निवासी रामअशीष (38) पुत्र मुनेश्वर यादव होलपुर में एक मांगलिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आया हुआ था। उसके बाद वापस घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इस बीच बृहस्पतिवार की देर शाम नहर के पास से गुजर रहे लोग खेत के किनारे नाली में शव को देख चौंक पड़े। बाद में उसकी पहचान हुई तथा ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। शव मिलने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। आशंका है कि रामशीष की अन्यत्र हत्या कर शव खेत के किनारे नहर के नाली में फेंक दिया गया। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।