बैरिया। आठ दिनों से लापता इब्राहिमाबाद निवासी युवक मोहन उर्फ खिरोधर (35) की लाश शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा के पास गड्ढे में मिली। शव सड़ गया था।
मोहन के परिजनों ने बताया कि मोहन ईंट भट्ठे से ईंट ढुलाई का काम करता था। वह छह अगस्त से ही लापता था। इस मामले में मोहन की पत्नी प्रियंका देवी ने 10 अगस्त को बैरिया थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थीै। पुलिस को दी गई तहरीर में मोहन की पत्नी ने बताया था कि छह अगस्त को उसके पति मायके बैरिया के रकबा टोला गए थे। उनके साथ भगेलू धोबी निवासी मूंज के डेरा इब्राहिमाबाद भी थे। वहां से वह मेरे पिता से ढुलाई के लिए 30 हजार रुपये लेकर भगेलू के घर लौटने की बात कह कर चले थे। जब वह घर नहीं लौटे तो उनकी काफी खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। बैरिया पुलिस ने 10 अगस्त को ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की थी। एसएचओ संजय त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में पहले गुमशुदगी दर्ज है। शव काफी सड़ा है। मृतक के पास से भीगे और एक दूसरे से चिपके हुए कुछ नोट बरामद हुए हैं। बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पूरी तस्वीर साफ होगी। उधर, इब्राहिमाबाद निवासी निर्भय सिंह गहलौत ने कहा कि अगर पुलिस मोहन के साथ मौजूद व्यक्ति से पूछताछ की होती तो शायद घटना का खुलासा पहले हो गया होता।