बैरिया। प्रवासी मजदूरों को देने के लिए सात ट्रक राशन किट बैरिया तहसील में पहुंच गया है जबकि करीब 35 प्रतिशत प्रवासियों के खाते में पैसा भेजने का मामला खटाई में पड़ सकता है। क्योंकि प्रवासियों ने अपना बैंक अकाउंट नंबर न देकर परिवार के किसी सदस्य का दे रखा है। इसके लिए तहसील के सभागार में लेखपाल कानूनगो व नायब तहसीलदार आदि डाटा तैयार करने में जुटे हुए हैं।
शासन की ओर से बाहर से आए प्रवासी मजदूरों को राशन किट तथा उनके खाते में धन भेजने की घोषणा कर रखी है। जिसके लिए एक सप्ताह से तहसील में डाटा फीडिंग का कार्य चल रहा है। जांच व फीडिंग कार्य में लगे राजस्व कर्मियों ने बताया कि लगभग 35 फीसदी प्रवासी ऐसे हैं जो अपना बैंक अकाउंट नंबर न देकर माता, पिता, भाई आदि का खाता नंबर दे दिए हैं। ऐसे में हर प्रवासी को राशन किट तो मिल जाएगा लेकिन उनके दिए गए गलत खाता नंबर में धन नहीं जा सकेगा। इसके अलावा कई ग्राम पंचायतों में गैर गांव के प्रवासियों का नाम अंकित कर दिया गया है। फिलहाल इसके सुधार का काम किया जा रहा है।