अघोषित विद्युत कटौती को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों एवं छात्रों ने रविवार को पूर्वांचल बैंक के समीप अवर अभियंता का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि अगर एक पखवाड़े के अंदर व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो वह आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। कहा कि तयशुदा शेड्यूल के मुताबिक बिजली न देकर कटौती की जा रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
क्षेत्र के बांसडीहरोड, मनियारी जसाव, शीतल दवनी, हरिपुर, रघुनाथपुर, कुंवर जसाव, रूस्तमपुर, विशुनपुरा, माधवपुर, बघौनी आदि गांवों के ग्रामीणों एवं छात्रों ने अघोषित विद्युत कटौती को लेकर विद्युत विभाग के अवर अभियंता का पुतला फूंक नाराजगी जताई। कहा कि शासनादेश है कि शहर में 20 से 22 घंटे तथा ग्रामीणों क्षेत्रों में 14 से 16 घंटे बिजली दी जाए। लेकिन यह नहीं हो रहा। बिजली विभाग मनमाने तरीके से कटौती कर रहा है। वह भी बिना किसी सूचना के। इसके चलते जहां पेयजल समस्या पैदा हो जा रही है वहीं बिजली चालित उद्योग भी दम तोड़ने लगे हैं।
लेकिन इन सब समस्याओं से बेफिक्र बिजली विभाग क्षेत्र में मात्र दो से ढाई घंटे ही विद्युत आपूर्ति कर रहा है। जो नाकाफी है। इतना ही नहीं क्षेत्र के खंभे जर्जर हो चुके हैं और तार काफी पुराने हो गए हैं। जनहित में इन्हें बदला जाना बेहद जरूरी है। लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों ने बिजली विभाग को चेताया कि अगर पखवाड़े के अंदर जर्जर तार व खम्भे बदले नहीं गए और विद्युत आपूर्ति मानक के अनुरुप नहीं की गई तो वह जोरदार आंदोलन करेंगे। इस मौके पर आशीष त्रिपाठी, चंदन यादव, अर्जुन बिंद, छोटे लाल यादव, मनोरंजन रावत, सत्येंद्र कुमार, पिंटू यादव, चुन्नू सिंह, अभिषेक गुप्ता आदि मौजूद रहे।