थाना क्षेत्र के गंगा उस पार भुवाल छपरा में असलहों से लैस तीन बदमाशों की फायरिंग से एक युवक घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उधर, ग्रामीणों ने भाग रहे बदमाशों में से एक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से एक कट्टा बरामद किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
गोली लगने से घायल लक्ष्मण ठाकुर (28) ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि मंगलवार की देर शाम पुरानी रंजिश में भुआल छपरा निवासी गुड्डू ठाकुर, नौरंगा निवासी सुरेन्द्र ठाकुर चुहिया व बिहार के जिला भोजपुर थाना गौरा ग्राम दामोदरपुर निवासी विभूति राय गाली गलौज देने लगे। विरोधर पर जान मारने की नीयत से कट्टे से फायरिंग कर दी। गोली उसके जांघ और हाथ में लगी। इस दौरान ग्रामीण जुटे तो बदमाश फायरिंग कर भागने लगे। लेकिन ग्रामीणों ने भाग रहे बदमाशों में से एक को पकड़ लिया। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी विभूति राय को चालान कर दिया, जबकि दो अन्य की तलाश कर रही है। वहीं घायल लक्ष्मण ठाकुर पुत्र स्व बैजनाथपुर ठाकुर को एक्सरे के लिए जिला अस्पलाल भेजा गया। इस बाबत क्षेत्राधिकारी उमेश कुमार ने कहा कि गोली चलने के मामले में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना की जा रही है।