थाना क्षेत्र के बहादुरपुर चट्टी पर शनिवार की देर शाम बाइक सवार सड़क पर बने गड्ढे़ के कारण असंतुलित होकर खड़े ट्रक से टकरा गया। जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया।
हल्दी थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी सुजीत पांडेय (32) वर्ष और हल्दी थाना क्षेत्र के ही बगईचा टोला निवासी दिनेश शर्मा (28) शनिवार रात करीब साढे आठ बजे बाइक से जिला मुख्यालय जा रहे थे।
बहादुरपुर चट्टी पर वह पहुंचे ही थे कि इसी बीच सड़क पर गड्ढा पड़ गया और बाइक सवार असंतुलित होकर पास खड़े ट्रक से जा टकराए। जिससे बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो सड़क पर छटपटाने लगे। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों के सहयोग से सरकारी एंबुलेंस बुलाने का प्रयास किया। लेकिन जब देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची तो घटना स्थल पर पहुंचे एसओ हल्दी संजय त्रिपाठी ने टेंपो से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने घायल युवकों में से सुजीत को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद भी एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं आने और एनएच-31 पर जगह-जगह गड्ढे होने पर लोगों में रोष है।
लोगों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा जैसे-तैसे सड़कों को बना दिया जाता है और कुछ ही दिन बाद सड़कों पर गड्ढ़े बन जाते हैं। जिससे आए दिन लोग गिर कर घायल होने के साथ ही मौत का शिकार भी होते रहते हैं।