फर्नीचर की दूकान में काम करने वाले युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव शहर कोतवाली क्षेत्र के बहेरी स्थित ऑछी दादा के मजार के पीछे फेंका मिला। सूचना मिलते ही एएसपी रामयज्ञ यादव एवं सीओ सिटी केसी सिंह मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है। फर्नीचर दूकान के मालिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के दिमागी चट्टी के समीप बरेली जिले के रहने वाले फरीद खां की फर्नीचर की दूकान है। उसकी दूकान पर बरेली जिले के थाना सनउवा का पुरतापुर निवासी मो. कैश(22) बढ़ई का काम करता था। लोगों की माने तो शुक्रवार की देर रात वह दूकान पर मोबाइल से गाना सुन रहा था। इसी बीच किसी का फोन आया, इसके बाद वह दूकान से उठकर चला गया।
शनिवार की सुबह जब लोग रेलवे ट्रैक की ओर गए तो ऑछी दादा के मजार के पीछे युवक का शव देखकर अवाक रह गए। उसका गला रेता हुआ था। किसी ने 100 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही एएसपी, सीओ सिटी घटना स्थल पर पहुंच गए और आसपास के लोगों से पूछताछ किया।
कैश के दोस्तों ने बताया कि हम करीब 20 लोग बरेली के रहने वाले हैं। यहां दो सालों से फर्नीचर की दो दूकानों पर कार्य कर रहे हैं। शुक्रवार की रात हम लोग भोजन करने के बाद सो गए। इस बीच कैश कहां गया, हमें इसकी कोई जानकारी नही है। एएसपी रामयज्ञ यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का है । शव के पास से रूखानी और मोबाइल बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दूकान मालिक के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।