थाने के मुंशी के बीच विवाद के बाद मारपीट होने से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने बलिया-सोनवाली मार्ग पर बुधवार की सुबह चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मुंशी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। बाद में जब पुलिस अधीक्षक ने मुंशी को निलंबित कर दिया तो उन्होंने जाम समाप्त कर दिया।
रानी हिजड़ा आर्केस्ट्रा पार्टी चलाता है। मंगलवार को असेगा से खोड़ीपाकड़ गई बारात में उसका आर्केस्टा भी गया था। वहां किसी बात से नाराज वर पक्ष के लोगों ने आर्केस्ट्रा का भुगतान नहीं किया और उसमें शामिल लोगों की जमकर पिटाई भी कर दी। इसकी लिखित तहरीर रानी ने सुखपुरा थाने में दी। इसके बाद पुलिस दूल्हा-दुल्हन समेत उनकी गाड़ी को लेकर थाने चली आई।
इसी बीच एक वरिष्ठ नेता के कहने पर पुलिस गाड़ी छोड़ने ही जा रही थी कि तभी वहां पहुंचे सपा कार्यकर्ता विरोध करने लगे। उनका कहना था कि रानी के आर्केस्टा का भुगतान किए बिना दूल्हे की गाड़ी को न छोड़ा जाए। इसी बात को लेकर थाने के मुंशी रजनीश से सपा कार्यकर्ताओं का विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट हो गई। इससे थाना परिसर में अफरातफरी मच गई।
इसी दौरान पुलिस कर्मियों ने सपा नेता राकेश के भाई और उनके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। इससे नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर के सामने बलिया-सोनवली मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। वे मुंशी रजनीश के निलंबन की मांग करने लगे। मौके पर सीओ सदर डीपी सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन कार्यकर्ता जाम समाप्त करने को तैयार नहीं थे।
जब पुलिस अधीक्षक ने मुंशी रजनीश को निलंबित कर दिया तो उन्होंने जाम समाप्त कर दिया। पुलिस अधीक्षक राजू बाबू सिंह ने इसकी पुष्टि की और बताया कि सपा कार्यकर्ताओं से मारपीट के आरोप में मुंशी को निलंबित कर दिया गया है।