बलिया जिले के सहतवार थाना क्षेत्र के बांसडीह-रेवती मार्ग पर स्थित जिन्न बाबा के स्थान के समीप गुरुवार की देर रात ट्रक और बोलेरो की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे में मरा युवक पड़ोसी युवक के चाचा के मौत की सूचना मिलने पर उनकी मातमपुर्सी के लिए गांव आ रहा था, लेकिन खुद ही मौत के आगोश में समा गया। हादसे में घायल बोलेरो चालक को वाराणसी रेफर किया गया है।
सहतवार नगर पंचायत के वार्ड नं 11 निवासी शिबू सिह 18 वर्षीय पुत्र संतोष सिंह व उसका पड़ोसी रोहित सिंह पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते थे। गुरुवार को रोहित को सूचना मिली कि उसके चाचा की मौत हो गई है। सूचना के बाद रोहित सहतवार आने की तैयारी करने लगा। तब शिबू भी उसके साथ चल दिया। दोनों शाम को किसी ट्रेन से सुरेमनपुर स्टेशन पर उतरे।
क्षतिग्रस्त वाहन
- फोटो : अमर उजाला।
शिबू के सुरेमनपुर आने की सूचना पर उसका बड़ा भाई अमन (21) , चालक राहुल (25) के साथ बोलेरो लेकर सुरेमनपुर स्टेशन पहुंचा। वहां से लौटते समय रात लगभग दस बजे के करीब रेवती-बांसडीह मार्ग पर जिन्नबाबा के स्थान के पास सहतवार की तरफ से जा रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।
सड़क किनारे खड़ी ट्रक
- फोटो : अमर उजाला।
इससे बोलेरो में सवार शिबू, उसका बड़ा भाई अमन, चालक राहुल गंभीर रुप से घायल हो गए। रोहित को मामूली चोटे आई है। आसपास के लोगों ने सभी को एंबुलेंस से बलिया जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डाक्टर ने शिबू को मृत घोषित कर दिया। चालक राहुल की स्थिति गंभीर देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। शिबू के बड़े भाई अमन का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।