दुबहर थाना क्षेत्र के अखार (बुलापुर) ढाले के समीप बुधवार की सुबह दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। इसी बीच अचानक पहुंचा टेंपो बाइक सवार को बचाने में असंतुलित होकर बंधे के नीचे पलट गया। इस हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी जाते वक्त एक युवक की रास्ते में मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के नगवां निवासी मुकेश पाठक (25), उदयपुरा निवासी विक्रम (35) एवं श्यामसुन्दर (45) बाइक से जिला मुख्यालय से घर जा रहे थे। वे जैसे ही अखार ढाले (बुल्लापुर) पर पहुंचे कि विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दिया।
जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दूसरी बाइक सवार भागने में सफल हो गये। इसी दौरान हल्दी से परवल लेकर आ रहा टेंपो बाइक सवारों को बचाने में असंतुलित होकर बंधे के नीचे पलट गया। जिसमें टेंपो में सवार जनाड़ी निवासी रामाशंकर (40), घूरा (45), पशुराम (38) एवं टुनटुन (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां विक्रम की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि मुकेश, श्यामसुंदर की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। मुकेश वाराणसी जाते वक्त दम तोड़ दिया।