पुलिस के सामने ही फूंक दी झोपड़ी।
थाना क्षेत्र के जवहीं दीयर गॉव में मंगलवार की शाम मनबढ़ों ने रिहायशी झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया, जिसमें पांच लोगों की करीब दर्जनभर झोपड़ी और उसमें रखा घर का सामान जलकर राख हो गया। इस मामले में पीड़ित शिव जी यादव की तहरीर पर चार के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।
गंगा नदी उस पार स्थित जवहीं दीयर गॉव निवासी राज नारायण चौबे ने हल्दी थाने में सूचना देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही विश्वनाथ यादव जबरदस्ती उनकी जमीन में झोपड़ी लगा दी है। इसी गांव के अक्षयबर चौबे ने भी विश्वनाथ यादव के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर जबरिया खेत जोतने की शिकायत की थी। इन दोनों मामलों को निपटाने के लिये मंगलवार की शाम हल्दी पुलिस जवहीं दीयर गांव पहुंची।
अक्षयबर का खेत का मामला पुलिस निपटाने में कामयाब रही। इसी बीच यादव पक्ष के तरफ से किसी ने विश्वनाथ यादव की झोपड़ी में आग लगा दी। पुलिस समेत सभी लोग आग बुझाने के लिये जब तक दौड़ते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते शिवजी यादव की दो, सीताराम यादव का दो, रामजनम यादव का तीन व दीनानाथ यादव की दो, रिहायशी झोपड़ी धू-धूकर जलने लगी।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामोणों ने आग पर काबू पाया। तब तक रिहायशी झोपड़ियों में रखा घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। देर शाम शिव जी यादव की तहरीर पर विश्वनाथ यादव समेत चार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शिवजी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।