कोतवाली क्षेत्र के हिता का पुरा गांव के समीप एक साइकल सवार युवक को मंगलवार की देर रात ट्रक ने रौंद दिया। जिससे साइकल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, सुखपुरा थाना क्षेत्र के बलिया-सिकंदरपुर मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक घायल हो गया।
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी रामजीत राम (26) छत्तीसगढ़ के रायपुर से आ रहे अपने बड़े भाई राजेश राम को लेने रसड़ा रेलवे स्टेशन जा रहा था। हता के पुरा गांव के पास मऊ की ओर जा रहे ट्रक ने साइकल सवार को रौंद दिया। आसपास के लोग घायल रामजीत को सीएचसी रसड़ा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने घायल रामजीत को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत युवक के पिता गोपीचंद राम के तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दिया।
सुखपुरा संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के बलिया-सिकंदरपुर मार्ग पर मंगलवार की रात सुखपुरा पानी टंकी के पास ट्रक की टक्कर में बाइक सवार चंदन (30) पुत्र भरत सिंह निवासी बोरिया की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठा दूसरा युवक बृजेश यादव (20) पुत्र राजदेव यादव निवासी बघेवा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह वाकया उस समय हुआ जब बोरिया निवासी चंदन सिंह अपने साथी बृजेश के साथ सुखपुरा चट्टी से देर रात अपने घर जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पत्नी प्रियंका का रोते-रोते बुरा हाल था। चंदन की आठ माह की एक पुत्री भी है।