सुखपुरा थाना क्षेत्र के देवकली स्थित बागीचे से आठ चोरों को शहर कोतवाली, गड़वार व स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से शनिवार की रात घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। जबकि चोरी का माल खरीदने वाला सुनार दूकान बदं कर फरार हो गया। पुलिस उसके लिए दबिश दे रही है।
रविवार को इसका खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने बताया कि पकड़े गए चोर सुखपुरा थाना क्षेत्र के नगरी नोनिया छपरा निवासी रमेश मुसहर पुत्र राम गुलाम, सुभाष व मुना पुत्र हरि, टप्पू पुत्र सुभाष, गड़वार थाना के कनइला गांव निवासी कमलेश मुसहर, पुत्र केदार, इसी थाने के सिकरिया गांव निवासी रामस्नेही पुत्र परशुराम मुसहर, रतसर कला दिघा निवासी सूबेदार पुत्र स्व. विश्वनाथ तथा गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गंधवा निवासी लोहा पुत्र सुरेंद्र मुसहर हैं। बताया कि यह चोर चोरी का माल शहर कोतवाली के अपने नजदीकी सुनार रामजी वर्मा के यहां बेच देते थे। जो दूकान बंदकर फरार है। बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से दो कट्टा, छह कारतूस दो सम्बल, दो सुम्ही, एक बारी ब्लेड के साथ ही चोरी के नकदी 29700, 11 जोड़ी पायल, एक कान की बाली, एक मांगटीका, एक नथिया, पांच अंगूठी, एक टप्स, 27 बिछिया, तीन साड़ी बरामद की गई है।
एसपी ने बताया कि सुखपुरा थाना के नगरी नोनिया छपरा निवासी रमेश मुसहर इन सबका मुख्य सरगना है। पकड़े गए लोगों में एक अभियुक्त रिक्शा चलाता है, जो भ्रमण कर सूचना देता है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध शहर कोतवाली में छह, गड़वार में चार तथा सुखपुरा में एक मुकदमा दर्ज है। एसपी ने अपनी तरफ से पूरी टीम को पांच हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की।