थाना क्षेत्र के बाराबांध गांव में गुरुवार की रात एक शादी समारोह में बाराती पक्ष द्वारा की गई हर्ष फायरिंग के दौरान छर्रा लगने से घराती पक्ष के सात लोग घायल हो गए। घटना से कुछ देर के लिए पूरे गांव में तनाव व्याप्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायरिंग करने वाले सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी को दो नाली बंदूक के साथ हिरासत में लिया। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने बताया कि हर्ष फायरिंग मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, पुलिस की तरफ से कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। ऐसे में थाना पुलिस के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।
बाराबांध गांव निवासी राधेश्याम राजभर की बेटी कंचन के लिए रसड़ा कोतवाली अंतर्गत चिंतामणिपुर गांव निवासी कपिलदेव राजभर के यहां से जयप्रकाश की बारात आई थी। बारातियों को शमियाने में ले जाने के बाद गुरहत्थी कार्यक्रम के दौरान वर पक्ष की ओर से सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी रामआशीष प्रसाद ने ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग की।
छर्रा लगने से कन्या पक्ष की ओर से श्वेता यादव (18), पूनम राजभर (18), प्रीति (10), अभिमन्यु (12), अंकित (11), मोहन (10), पप्पू राम (14) घायल हो गए। जिससे पूरे गांव में कुछ देर के लिए तनाव हो गया। घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायरिंग करने वाले रिटायर्ड सैन्यकर्मी रामआशीष प्रसाद को दो नाली बंदूक के साथ हिरासत में ले लिया। बाद में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर किसी प्रकार शादी संपन्न कराई।
दूसरे दिन शुक्रवार को लड़की के ताऊ राजाराम की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धारा मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को चालान कर दिया है। इस मामले में सीओ सिटी केसी सिंह ने बताया कि फायरिंग मामले में आरोपी के विरुद्ध संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।